भोपाल . करोंद चौराहे के पास तेज रफ्तार लो फ्लोर बस ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर से लड़खड़ाकर ट्रैक्टर पर ड्राइवर के बगल में बैठा युवक सड़क पर गिर गया और ट्राली का पहिया उसकी पीठ पर से गुजर गया।
इस हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बस का ड्राइवर भाग निकला। निशातपुरा पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक भीड़ बस में तोड़फोड़ कर चुकी थी।
करोंद देशी कलारी के पास ये हादसा बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे हुआ। ट्राली में पुराने भवन का मलबा भरा था। उसे देवकी नगर से सिंधी कॉलोनी जाना था। करोंद चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार लो फ्लोर बस क्रमांक एमपी 04 पीए 1425 ने ट्राली को टक्कर मार दी।
टक्कर से ट्रैक्टर पर बैठे ड्राइवर और युवक का संतुलन बिगड़ गया। ड्राइवर के बगल में बैठे जाटखेड़ी,
मिसरोद निवासी राम सिंह चलते ट्रैक्टर से सड़क पर जा गिरे। वे बचते इससे पहले ही ट्राली का पहिया उनकी पीठ से होते हुए गुजर गया। इस हादसे में राम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइवर भागा तो भड़क गई भीड़, बस में की तोड़फोड़
ड्राइवर भागा तो भड़क गई भीड़, बस में की तोड़फोड़ हादसे के बाद ड्राइवर यात्रियों से भरी बस को छोड़कर भाग निकला। ये देख आसपास के लोग भड़क गए और उन्होंने बस घेर ली।
दहशत में आए यात्री भागने लगे। गनीमत रही कि भीड़ ने बस पर पथराव तब शुरू किया, जब सभी यात्री उतर चुके थे। एसआई स्वामीनाथ यादव ने बताया कि युवक के पास से एक झोला मिला है।
इसमें उनका आधार कार्ड और भाई का मोबाइल फोन नंबर था। इसके आधार पर उनकी पहचान की जा सकी। पुलिस ने ड्राइवर आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।